यह ब्लॉग खोजें

गुरुवार, 2 जनवरी 2020

An Old Story in "The Belveder"


पुरानी कहानी “बेल्विदेर” में

लेखक : सिर्गेइ नोसव
अनुवाद : आ. चारुमति रामदास
कुछ पलों के अंतराल में कैफे में प्रविष्ट हुए : पहले – देर होने से डरते हुए वी. यू. दिमिखीन, - हॉल के बीच में खड़े होकर उसने ताड़ती हुई नज़रों से वहाँ उपस्थित थोड़े से लोगों को देखा, - और उसके पीछे-पीछे – दो नौजवान व्यक्ति: एक लड़का और लड़की.
“नमस्ते, वलेन्तीन यूरेविच.”
उम्र के आधार पर ( कैफ़े में अन्य कोई “बूढ़े” थे ही नहीं) पीछे से ही पहचान लिए जाने पर, वह मुड़ा.   
“मक्सिम. मैंने ही आपको फ़ोन किया था.”
पीठ पर ‘बैक पैक’. छोटी-सी, अल्पविराम जैसी दाढ़ी – पिछली से पिछली शताब्दी में उसे उपहासात्मक कह सकते थे.
“मरीना.”
माथे पर लाल लटें, लाल भौंहे.  
“बहुत ख़ुशी हुई,” वलेन्तीन यूरेविच ने झूठ नहीं बोला.
उसे दो टिप-टॉप, काले सूटों में, तिरछी धारियों वाली नेकटाई पहने दो क्लर्कों को देखने की आशंका थी  (‘बिज़नेस मीटिंग’ जैसे आयोजनों की जानकारी वलेन्तीन यूरेविच को सिर्फ विदेशी फ़िल्मों से ही प्राप्त हुई थी), उसने ख़ुद, जो निश्चित रूप से रचनात्मक व्यक्ति था, बिना कुछ ज़्यादा सोचे-समझे अपना प्राचीन भूरा जैकेट पहनने का फ़ैसला किया, पतलून तो किसी अन्य सूट की ही थी, - स्वेटर पहनकर आया. नौजवानों ने जीन्स पहनी थी, ऊपर से लड़की ने – फटी हुई; वलेन्तीन यूरेविच को दिलासा देती हुई, हर चीज़ इस बात की ओर इशारा कर रही थी, कि बातचीत सुखद रहेगी. वार्ताकारों की विविधता से भी दिमीखिन ख़ुश हो गया – उसे दो पुरुष वार्ताकारों को देखने की उम्मीद थी. आख़िर कैफे – रेस्तराँ तो नहीं होता; मामूली-सा, बिना बेयरों के. दिमीखिन को सादगी पसन्द थी. सादगी और सहजता.
ख़ैर, उसे लगा, कि उसे ये पसन्द है.
नौजवानों से बातचीत करना भी उसे अच्छा लगता था.
ख़ैर, उसे ऐसा लगा.
“शायद, दीवार के पास?”
“बहुत अच्छे,” वलेन्तीन यूरेविच ने मक्सिम की पसन्द का समर्थन किया : दीवार के पास वाली मेज़ ही, उसकी राय में, व्यावसायिक बातचीत के लिए सबसे बढ़िया जगह होती है.
“कॉफ़ी?” मेज़ के पास पहुँच कर मक्सिम ने पूछा.
“पेस्ट्री के साथ,” मरीना ने कहा और दिमीखिन की ओर मुड़ी : “एकजुटता दिखाएँगे?”
“नहीं, नहीं,” वलेन्तीन यूरेविच ने मिठाई से इनकार कर दिया. “चाय स्ट्राँग नहीं, प्लीज़, अमेरिकानो.”
मक्सिम निमंत्रित करने वाले पक्ष की ओर से मेज़बान के अंदाज़ में तीन कप कॉफ़ी और एक पेस्ट्री खरीदने के लिए काउण्टर की तरफ़ गया, और वलेन्तीन यूरेविच और मरीना मेज़ के पीछे बैठकर साधारण बातचीत करने लगे.
“ऐसा कैफ़े ढूँढ़ना मुश्किल है, जहाँ म्यूज़िक न हो,” वलेन्तीन यूरेविच ने कहा, “आप काम करना चाहते हो, और कानों में बूम्-बूम्, बूम्-बूम्... और हमारे यहाँ भी सब जगह ऐसा ही है...पता है, मरीना, जर्मनी में, मैं कॉफी पीते हुए, हमेशा सुन सकता हूँ, कि सामने वाला आदमी क्या कह रहा है.”
“मैं भी आपको सुन रही हूँ,” मरीना ने कहा. “यहाँ तो अभी कुछ नहीं है.”
“कुल मिलाकर, हाँ,” वलेन्तीन यूरेविच ने सहमत होकर कहा. “यहाँ काफ़ी आरामदेह है.”
उसे जर्मनी के बारे में सवाल पूछे जाने की उम्मीद थी, क्या वह अक्सर वहाँ जाता है, - तब वह कहता, कि हैम्बुर्ग में पोता रहता है. मगर मरीना ने कुछ और ही पूछा :
“तो, आप कैफ़े में लिखते हैं, मतलब, सीधे ऐसे, मेज़ पर?”
“कभी प्रैक्टिस किया करता था,” वलेन्तीन यूरेविच ने उड़ते-उड़ते जवाब दिया. “मैं हर जगह लिखता हूँ. सर्वभूत-लेखक.”    
मरीना स्पष्टतः मुस्कुराई, ये ज़ाहिर करते हुए कि जैसे उसने टिप्पणी को सुना ही नहीं है.
वलेन्तीन यूरेविच ने भी ऐसा ही किया.
मरीना ने अपना माथा पोंछा.
तब वलेन्तीन यूरेविच ने काम का सवाल पूछा:
“एन्थोलॉजी?”
“क्या?” मरीना ने पूछा.
“ये ही.”
“नहीं. बिल्कुल एन्थोलॉजी नहीं,” उसने आँखों से मक्सिम को ढूँढा.
मक्सिम नज़दीक आ रहा था. एक हाथ में वलेन्तीन यूरेविच की अमेरिकानो के कप वाली प्लेट थी, और दूसरे में – मरीना की एक्स्प्रेसो कॉफी का कप था. वलेन्तीन यूरेविच फ़ौरन उठा और काउण्टर की तरफ़ गया – मदद करने. मगर, उसने पेस्ट्री लेने की ज़ोखिम नहीं उठाई, अपना ध्यान एक ही ओर केन्द्रित किया – मक्सिम की एक्स्प्रेसो कॉफ़ी के कप वाली प्लेट पर, - वह दोनों हाथों से उसे अपने सामने पकड़े हुए, ताकि छलक न जाए, धीरे-धीरे, सावधानी से चल रहा था. इस बीच मक्सिम काउण्टर पर पहुँच कर पेस्ट्री वाली प्लेट ला चुका था. जवानी फुर्तीली होती है. इस बारे में दो राय नहीं है.
अब तीनों बैठ गए.
“आपकी ‘अदृश्य किरण’ की तारीफ़ सुनी है,” मक्सिम ने शकर का पैकेट फ़ाड़ते हुए कहा, “मैंने ख़ुद तो नहीं पढ़ी है, मगर यदि मिल गई तो पढ़ूँगा. ये, शायद आपकी अंतिम रचना है?”
“डराइए नहीं, ‘अंतिम’’!” - वलेन्तीन यूरेविच दिमीखिन प्रभावशाली ढंग से मुस्कुराया. “मेरी चकमक डिबिया में अभी बारूद है!...मुझे दफ़नाने की ज़रूरत नहीं है.”
“मेरा मतलब था...” मक्सिम ने शुरुआत की, मगर वलेन्तीन यूरेविच ने उसे बोलने ही नहीं दिया :
“नहीं, नहीं, वो पुरानी किताब है, उसे तो दस साल हो गए.”
“अच्छा? मुझे ऐसा लगा कि आपने उसके बाद कुछ भी प्रकाशित नहीं किया...”
“क्यों नहीं...थोड़ा-बहुत तो निकला ही है. सात साल पहले, साठवीं सालगिरह पर...दोस्तों ने लघु-उपन्यासों का संग्रह निकाला था...ये सच है, कि काफ़ी छोटा संस्करण था...अपनों के लिए. बिक्री के लिए नहीं. कुछ हद तक आप सही हैं, प्रकाशन गृहों से काफ़ी समय से मेरा सम्पर्क नहीं है. कुछ ऐसा ही हुआ.”
वह ख़ामोश हो गया.
“बड़ा काम है,” मक्सिम ने कुछ सवालिया अंदाज़ में कहा.
“उपन्यास?” मरीना ने नरम फ्रूट-पेस्ट्री – ‘ईवनिंग सीक्रेट’ - में चम्मच घुसाते हुए पूछ लिया.
वलेन्तीन यूरेविच ने गंभीरता से अपनी कॉफ़ी ख़त्म की और कप को प्लेट में रख दिया.
“शायद, बहुत बड़ा होगा,” मक्सिम ने कहा.
वलेन्तीन यूरेविच ने कनखियों से उसकी ओर देखा, कहीं ताना तो नहीं दे रहा है...
“दूसरे लब्ज़ों में, बात कुछ ऐसी है,” मक्सिम काम की बात पर आया.
“आपकी एक पुरानी कहानी को प्रकाशित करने का विचार है. कॉन्ट्रैक्ट पर हस्ताक्षर करने होंगे, यदि आपको कोई आपत्ति न हो तो.” मक्सिम ने बैकपैक से एक फ़ाईल निकाली, उसे खोला.
“दो प्रतियों में. यहाँ और यहाँ.”
“मेरी वाली कलम से कर सकते हैं,” मरीना ने पर्स से पेन निकाला.
वलेन्तीन यूरेविच ने ब्रीफ़केस से चष्मे का ‘केस’ निकाला, और उसके बाद, थोड़ा रुककर – पेपरबैक में दो किताबें.
“ये मैं...’अदृश्य किरण’ लाया हूँ...आपने इसके बारे में कहा था...मैं इस पर हस्ताक्षर कर देता हूँ...”
“वाह!” मरीना ने कहा. “ये अंतिम तो नहीं है?...माफ़ कीजिए! मैंने “अंतिम’ इस ख़याल से कहा, कि अगर कुछ और भी हो.... अचानक पता चले कि कुछ और नहीं है?...”   
“अंतिम से पूर्व,” दिमीखिन हस्ताक्षर करते हुए बुदबुदाया.
उसने इस बात के लिए माफ़ी मांगी कि मक्सिम की प्रति के कवर पर कोना मुड़ने का निशान है.
मक्सिम ने भी पूछा, कि कहीं अफ़सोस तो नहीं हो रहा है:
“अंतिम से पूर्व जो है?...”
“चलो, ठीक है! अपने पाठक से हर रोज़ तो मिलते नहीं हो,” वलेन्तीन यूरेविच आज की तारीख याद करते हुए बोला, “चाहे संभावित ही क्यों न हो...”
“कितने शानदार हस्ताक्षर हैं!” मरीना प्रसन्नता से बोली. “धन्यवाद,” उसने उपहार पर्स में रख दिया.
“और अब ये, यहाँ, वैसे ही,” कॉन्ट्रैक्ट को दिमीखिन के पास खिसकाते हुए मक्सिम ने कहा.
किताबों को उपहार स्वरूप देने काम वलेन्तीन यूरेविच को कुछ परेशान कर गया. वह खोई-खोई नज़रों से मसौदे को देखता रहा, छपे हुए अक्षर उसे अजनबी प्रतीत हो रहे थे.
“सच कहूँ तो, मैं तब...टेलोफ़ोन पर...समझ नहीं पाया था...मेरे पास कई हैं...असल में किस कहानी के बारे में बात हो रही है? क्या शीर्षक है?”
“साहित्य-संध्या”, मक्सिम ने जवाब दिया.
वलेन्तीन यूरेविच ने याद करते हुए आँखें सिकोड़ लीं.
“किस बारे में है?”
“जहाँ तक हम समझे हैं, ये साहित्य-संध्या के बारे में है, उग्लवोय गली में.”
“क्या मेरी ऐसी कोई कहानी है?”
“थी और है.” और वो. जिसे मक्सिम “साहित्य-संध्या” कह रहा था (या, सही कहें तो, वलेन्तीन यूरेविच ने कभी “साहित्य-संध्या” कहा था), उसके सामने मेज़ पर पड़ी थी.
“शानदार,” मरीना ने कहा. “वो भी टाइपराइटर पर. करीब-करीब “समिज़्दात” (समिज़्दात - स्वयँ प्रकाशन – अनु.).
“ये मेरी है?”
और
“माँ कसम!” वलेन्तीन यूरेविच ने अपनी रचना को पहचान लिया. “ अरे, इसका अस्तित्व तो होना ही नहीं चाहिए था!...आसमानी ताकत!...ये कहाँ मिली?...”
“पच्चीस साल पहले,” मक्सिम ने समझाया, “आपने ये कहानी “बेल्विदेर” में दी थी...”
“ ये ‘बेल्विदेर’ क्या है?”
“ऐसे एक संग्रह की कल्पना की गई थी..”
“याद नहीं आता.”
“आपको याद नहीं है, मगर हम जानते हैं,” मरीना ने कहा.
“आपने उसे ‘बेल्विदेर’ में दिया था, मगर उस समय ‘बेल्विदेर’ निकला ही नहीं. मर्शीन कहता है, कि आश्चर्य है, कि कहानी खो नहीं गई. अगर मर्शीन न होता तो...”
“ये मर्शीन कौन है?”
“ओल्गा विताल्येव्ना का बेटा.”
“और ओल्गा विताल्येव्ना...वो कौन है?”
“हैलो - क्या बात है! आप कहानी में उसे ओल्गा विताल्येव्ना कहते हैं. बिल्कुल भूल गए.”
“मर्शीन उस शाम को वहाँ था,” मरीना ने कहा, “मतलब, जिसका आपने यहाँ आपने वर्णन किया है...आपने किसी ख़ास घटना का ही वर्णन किया है, है ना?”
मक्सिम ने सूचित किया :
“वो कहानी में आधुनिक साहित्य पर व्याख्यान देता है.”
“और वह मैक्स का ‘रिसर्च-सुपरवाइज़र’ भी है,” मरीना ने जोड़ा. “वैसे, बाइ द वे, हम ग्रेजुएट स्टूडेन्ट्स हैं.”    
“संक्षेप में,” मक्सिम ने अपनी बात जारी रखी, “मर्शीन ने आपकी कहानी सँभाल कर रखी, और उस ‘बेल्विदेर’ की ये एक ही चीज़ बची है. मगर अब दूसरा ‘बेल्विदेर’ निकल रहा है, पहले वाले का - सिर्फ नाम ही है. इसमें हर चीज़ अलग है – अवधारणा, रचना...तीन अंक निकल चुके हैं. अफ़सोस, कि इस समय हमारे पास नहीं है, वर्ना हम आपको उपहार में देते, मगर हम किसी तरह, किसी के साथ आपको भेज देंगे...”
“नहीं, वाकई में,” मरीना ने कहा, “ ‘बेल्विदेर’ – वयस्कों का है. उच्च श्रेणी के लोगों के लिए.”
दोनों हाथ मेज़ पर रखकर दिमीखिन निश्चल बैठा रहा.
“कोई गड़बड़ है?” वलेन्तीन यूरेविच को ख़यालों में गहरे ख़यालों में डूबा देखकर मक्सिम ने पूछा. “कोई आपत्ति है? मेरे ख़याल से तो, बहुत बढ़िया कहानी है. छोटी ज़रूर है...मगर कथानक कितना कसा हुआ है! एक भी शब्द निकाल कर नहीं फेक सकते. और आरंभ? नहीं, तुम सुनो.” उसने कहानी हाथ में लेकर मरीना की ओर मुख़ातिब होते हुए पढ़ना शुरू किया, जैसे वह ‘साहित्यिक-संध्या’ की विषय वस्तु से अपरिचित हो:
“ ‘आदमी’ शब्द के लिए तुकबन्दी”...
वायुमण्डल का अवशेष...
सफ़ेद मक्खियाँ...
बिल्कुल बर्फ...
बिल्कुल, कहता हूँ, बर्फ...फ़ाहे...
पीछे दरवाज़े की धड़ाम्...
सीढ़ियाँ चढ़ते, झटकता कॉलर और टोपी...
पैर पटकते –
जूतों से”. 
“बढ़िया!” मरीना ने कहा. “ये गद्य नहीं, बल्कि कविता है.”
वलेन्तीन यूरेविच ने कहा:
“इस कहानी के साथ मेरी कुछ अप्रिय यादें जुड़ी हैं.”
“मैं समझता हूँ,” मक्सिम ने कहा.
“कुछ साल पहले, मैं फिर एक बार अपने संग्रह का और कुछ अन्य चीज़ों का पुनर्निरीक्षण कर रहा था, और हमेशा की तरह काफ़ी कुछ नष्ट भी कर दिया. ऐसा लगता है, कि इस कहानी को मैंने नष्ट करने के लिए भेज दिया, फिर से पढ़े बिना...बड़ी अजीब बात है, कि ये आपके पास है. सिर्फ ये न कहिए, कि पांडुलिपियाँ जलती नहीं हैं...जलती हैं, जलती हैं. कुछेक को तो जलना ही चाहिए...”
मरीना ने पेस्ट्री वाली प्लेट दूर खिसका दी – अच्छी नहीं लगी.
“हम पर नज़र रखी जा रही है,” मक्सिम से बोली.
“मैंने पहले ही देख लिया था,” मक्सिम ने बिना हिले-डुले जवाब दिया.
मगर वलेन्तीन यूरेविच, घबराहट से, अनायास मुड़ गया : एक दुबला-पतला नमूना बगल वाली मेज़ पर बैठा, बेवकूफ़ी से मेन्यू देख रहा था – हो सकता है, उसने भाँप लिया था, कि उसे देख लिया गया है. वलेन्तीन यूरेविच ने भी, फ़ौरन, ऐसे दिखाया जैसे कुछ नहीं देखा है, और उसने घबराकर नमूने से नज़र हटा ली.
“रखने दो,” मक्सिम ने बेपरवाही से कहा.
दिमीखिन ने फिर से अपने ब्रीफ़केस की ओर हाथ बढ़ाया.
“मेरे पास बहुत सारी हैं. बेहतर है, मैं आपको कोई और देता हूँ. पूरा संग्रह दे सकता हूँ. बड़ी, छोटी कहानियों का...”
“वो बाद में. आरंभ में तो हम इसी को प्रकाशित करना चाहते हैं.”
“अरे, मेरे पास हैं,” उसने ब्रीफ़केस से कुछ कहानियाँ निकालीं. – ये रहीं कुछ और. मैं लाया हूँ. देखिए...यहाँ अच्छी कहानियाँ हैं. सभी अप्रकाशित...”
मक्सिम ने देखे बिना ही अच्छी कहानियों को तह करके जल्दी से अपने बैकपैक में रख लिया, जिससे बहस न करना पड़े.
“देखिए, ये वाली पुरानी हो गई है!” वलेन्तीन यूरेविच चीख़ा. “मुझे याद भी नहीं है कि उसमें क्या था, मगर मुझे डर है, कि आज वो मासूम, भोला प्रतीत होगा... और मैं भी अब बिल्कुल बदल गया हूँ. और ये बेहद व्यक्तिगत किस्म की कहानी है.”
“अपने आप से शरमा रहे हैं,” मरीना ने उलाहना देते हुए पूछा.
“मैं शरमाता नहीं हूँ.”
“मासूमियत, बेशक है,” मक्सिम ने कहा. “मगर मासूमियत के अलावा, उसमें कठोरता भी है. और ये मासूमियत और कठोरता का संयोग आपकी कहानी को एक अद्भुत विरोधाभास प्रदान करता है.”
मरीना ने कहा:
“कहीं आप ये तो नहीं सोच रहे हैं, कि ‘बेल्विदेर’ कोई भी चालू गद्य प्रकाशित करेगा? बस कीजिए! बहुत बढ़िया कहानी है!”
“अच्छा?” वलेन्तीन यूरेविच बौखला गया. “आपको पसन्द आई? मैंने सोचा भी नहीं था, कि नौजवानों को इस तरह की रचना पसन्द आएगी...”      
“ अगर कलात्मक खूबियों को एक तरफ़ छोड़ दें, तो भी एक ऐतिहासिक दस्तावेज़ के रूप यह कहानी दिलचस्प है,” मक्सिम ने कहा. “ एक असामान्य परिस्थिति पर प्रत्यक्ष, भावनात्मक प्रतिक्रिया के उदाहरण के रूप में...मुद्दा ये भी नहीं है, कि असल में हुआ क्या था, मुद्दा कथन की वास्तविक ईमानदारी में है, उसके अद्वितीय लहजे में है...ये मैं सिर्फ आपकी तारीफ़ करने के लिए नहीं कह रहा हूँ.”
“आजकल ऐसा नहीं लिखते,” मरीना ने बात पूरी की.
“हम क्यों बहस कर रहे हैं, वलेन्तीन यूरेविच! कुल मिलाकर सिर्फ तीन पृष्ठ! चलिए, औपचारिकताएँ पूरी कर लेते हैं. हस्ताक्षर घसीट दीजिए! और काम ख़तम.”
वलेन्तीन यूरेविच ने नाक पर चश्मा ठीक किया.
“आप ख़ासतौर से आए हैं...मेरे साथ अनुबन्ध करने?”
“क्या आपको आश्चर्य हो रहा है?”
“मानता हूँ, हाँ.”
“रात वाली ट्रेन से वापस चले जाएँगे. शहर में घूमने का मन है. आपसे बातें करना अच्छा लग रहा है, मगर...” उसने घड़ी पर नज़र डाली.
“अरे, मुझे क्या. बात पुरानी है. आपकी ज़िम्मेदारी है.”
दिमीखिन ने कॉन्ट्रेक्ट पर हस्ताक्षर कर दिए.
“मैंने देखा है,” मक्सिम ने अपनी कॉफ़ी ख़त्म करते हुए कहा, “कि लेखक जितना वयोवृद्ध होता है, उसके पास जितना अधिक ज़िन्दगी का अनुभव होता है, उतनी जल्दी वह हस्ताक्षर कर देता है, बिना देखे. आपकी पीढ़ी बहुत भोली है.”
“मगर आप घबराइये नहीं, यहाँ कोई चाल नहीं है,” मरीना ने कहा. “मगर आप रॉयल्टी के बारे में क्यों नहीं पूछ रहे हैं?”
“रॉयल्टी!” वलेन्तीन यूरेविच को जैसे कोई भूला हुआ लब्ज़ याद आ गया.
“यहाँ,” मरीना के कृत्रिम बैंगनी नाखून ने आत्मविश्वास से अनुबन्ध में संबंधित पंक्ति की ओर इशारा किया.
“ओ!” वलेन्तीन यूरेविच को अच्छा लगा, कि उसका सम्मान किया जा रहा हैं.
“फ़िर भी, आप कहानी को फिर से पढ़ें,” मरीना ने कहा. “आप तो ख़ुद की इज़्ज़त ही करना नहीं चाहते. पढ़िए – अचानक अच्छी लगने लगेगी.”
“आप पढ़िए, और हम चले. ये आपकी प्रति है.”
“आपसे मिलकर ख़ुशी हुई. ‘अदृश्य किरण’ के लिए धन्यवाद. स्वास्थ्य और सफ़लता की कामनाएँ.”
उन्होंने बिदा ली. मरीना और मक्सिम ने, जाने से पहले, कुछ भी कहे बिना, बगल वाली मेज़ पर बैठे नमूने की ओर देखा, मगर वलेन्तीन यूरेविच इस बार नहीं मुड़ा.
थूको.
वे चले गए, और वह रूमाल से चश्मे की काँच पोंछकर अपने पुरानी रचना पढ़ने लगा.
साहित्य-संध्या  
कहानी
‘आदमी’ शब्द के लिए तुकबन्दी”, वायुमण्डल का अवशेष, सफ़ेद मक्खियाँ. बिल्कुल बर्फ. बिल्कुल, कहता हूँ, बर्फ. फ़ाहे. पीछे दरवाज़ा धड़ाम् से बन्द हुआ. सीढ़ियाँ चढ़ते हुए, कॉलर और टोपी झटकता हूँ. पैर पटकते हुए – जूतों से.
“देर कर दी, प्यारे. बस, ख़तम ही होने वाला है,” मेज़बान महिला ने मुझे प्रवेश कक्ष में आने दिया. “चलो, चलो, जल्दी,” फ़र-कोटों और भेड़ की खाल के कोटों की तरफ़ इशारा करके, वह फ़ौरन उस कमरे में गई. 
उस कमरे का दरवाज़ा थोड़ा-सा खुला था. उस कमरे से अस्पष्ट आवाज़ सुनाई दे रही थी. मैंने जल्दी से गर्म कपड़े उतारे.
मगर मैं एक और मिनट हैंगर के पास पैर पटकता रहा, ये न समझ पाते हुए कि अपने भेड़ की खाल के ओवरकोट को कहाँ टाँगूं – पाँच बार उसे फर्श से उठाया.
आख़िरकार मैंने उसे फ्रिज के हत्थे में अटका दिया और कमरे में घुसा.
जिन्होंने मेरी ओर देखा, उनका मैंने चेहरे के भाव से स्वागत किया, जो ऐसी परिस्थितियों में अक्सर होता है. किसी ने भी जवाब नहीं दिया. वे सुन रहे थे.
मैंने ग़ौर किया : उनकी आँखों में विभिन्न प्रकार के भाव थे – परेशानी, वितृष्णा, भय. हो सकता है, किसी की आँखों में अति उत्साह का भी भाव हो, मुझे मालूम नहीं. मैंने किसी को भी ग़ौर से नहीं देखा, मगर सरसरी तौर पर देखा : कोई दीवार की तरफ़ मुड़ गया, किसी ने हथेली से अपना मुँह बन्द कर लिया, खिड़की के पास बैठी हुई महिला उँगलियों से मोती खींच रही थी.
मैंने फ़ौरन उधर देखा, - मेज़ के पीछे दो लोग बैठे हैं, - एक, फ्लैट का मालिक, ठण्ड़ी हल्की-सी मुस्कान से छत की ओर देख रहा है, और दूसरा – बीमार आदमी है.
मुझे मानसिक रोगों के क्षेत्र के बारे में जानकारी नहीं है. मुझे इन सब नामों का पता नहीं है, मैं मेडिकल बारीकियों को नहीं समझता. मुझे सिर्फ इतना मालूम है, कि आदमी बीमार है.
उसे पढ़ना आता था, और, सारी बातों को देखते हुए, वह लिख भी सकता था, क्योंकि, वो, जो अभी उसने पढ़ा था हिज्जे करके और व्यंजनों को निगलते हुए, उस की अपनी ही कल्पना थी, अगर ये वाकई में कल्पना थी तो. उसने जो पढ़ा था, वह घिनौना था. गन्दगी का सैलाब, और हम सुन रहे थे. और यह केवल अश्लीलता का प्रवाह नहीं था, न सिर्फ गाली-गलौज, जो सबको सुनाई देती है - हो सकता है कुछ  बौद्धिक चमक-दमक के साथ – रोज़मर्रा की बदतमीज़ी नहीं थी, बल्कि और भी घिनौना – जाने पहचाने शब्दों को वास्तविकता तक, भौंडेपन के, दबाव के, चिपचिपाहट के एहसास तक उनका मूल, शाब्दिक अर्थ वापस लौटाया जा रहा था.
रेल्वे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन का लेडीज़ टॉयलेट. वह नाबदान में घुस गया. वह झाँक रहा है.                 
जब उसने पढ़ना ख़त्म किया, तो कोई भी नहीं हिला. शॉक! वास्तविक, सच्चा शॉक. किसी के मुँह से एक लब्ज़ भी नहीं फूटा. और तब...और तब उसने लार टपकाई.
“मेरे दोस्तों,” फ्लैट का मालिक उठा, “मैं आप सब की उत्तेजना को समझ सकता हूँ. मेरा ख़याल है, कि हम पॉल को इतनी आश्चर्यजनक शाम के लिए, मैं तो कहूँगा, सबक के लिए धन्यवाद देते हैं और और कामना करते हैं...उसकी सफ़लता की कामना करते हैं. तो. ठीक है. मैं उन सबसे, जो चाहें, चर्चा के लिए रुकने को कहूँगा. चर्चा होगी करीब दस-पन्द्रह मिनट बाद, तब तक चाय आ जाएगी. दोस्तों, सिर्फ आपको याद दिलाना चाहूँगा, कि मैंने ओल्गा विक्तरोव्ना से वादा किया है कि अपने दोस्त को ठीक दस बजे लौटा दूँगा, इसलिए समय का ध्यान रखेंगे.
हम कमरे से बाहर आए. कुछ लोग गरम कपड़े पहनने लगे. वे चुपचाप कपड़े पहन रहे थे, मेज़बानों ने उन्हें नहीं रोका. एक मेहमान से रहा नहीं गया. कपड़े पहन चुकने के बाद, वह वापस लौटा. वह मेज़बान की जैकेट का कॉलर पकड़ कर उसे झकझोरने लगा.
“तू, तूने उसे सिखाया, तू कमीने!...”
“मैंने किसी को नहीं सिखाया,” मेज़बान लड़खड़ा गया, “उसीने ख़ुद!”
“तूने, घिनौने, तूने कमीने!...”
“शांत रहिए, शांत रहिए, अपमान न कीजिए!”
“तूने, कमीने, तूने!”
उसे खींच कर ले गए.
“वह नशे में धुत् है,” किसी ने कहा.
“शराबी बेवकूफ़, आया क्यों है?”
“मगर, भयानक...”
“पॉल ने कितना डरा दिया...”
“कमरे में कोई, पॉल से बात कीजिए. वो वहाँ कर क्या रहा है?”     
“वह उबला हुआ पानी पी रहा है.”
“बकवास, बकवास, बकवास,” अब आँगन से सुनाई दे रहा था.
“और, आपको कैसा लगा?” मेज़बान मेरी तरफ़ मुड़ा.
“घृणित.”
शायद, वह ख़ुश हो गया.
“अभी तक तो ऐसा नहीं होता है,” मेज़बान भलमनसाहत से मुस्कुराया. “ आज हमारा मित्र ‘फॉर्म’ में नहीं है.”
मालकिन टॉयलेट से बाहर निकली. उसके हाथ में एक मैला चीथड़ा था.
“किसी ने उल्टी कर दी.”
“बकवास, बकवास, बकवास.” सड़क से आवाज़ें आ रही थीं.
“बढ़िया.” मेज़बान जोश में आ गया. “इसे कहते हैं भाव-विरेचन.”
मालकिन ने हाथ धोए और चाँदी की घण्टी बजाने लगी.
“तो, मित्रों,” जब कमरे में सब लोग अपनी-अपनी जगह पर बैठ गए, तो मेज़बान ने कहा. “चलिए, भावनाओं में न बहें. क्या होना चाहिए, और क्या नहीं होना चाहिए, इस विषय पर चर्चा को एक ओर रख दें. ज़रूरत नहीं है...उसी तरह भाषा के बारे में, शब्दों के प्रयोग के तरीकों और उनकी सीमाओं के बारे में भी...बहुत हो गया. काफ़ी कह चुके. उकता गए हैं. सब संभव है. किसने कहा कि, नहीं होना चाहिए? नैतिक है या अनैतिक, सिर्फ एक रचनाकार ही जानता है. हाँ, और वह भी कुछ नहीं जानता. सब कुछ संभव है. सिर्फ संभावनाओं के बारे में सोचकर अपने आप को धोखा नहीं देंगे. मेरा मतलब है : हम दृढ़ रहेंगे. हममें से वे भी, जो कलाकार के मिशन की प्रोक्टॉलोजिस्ट के जुनून से जोड़ते हैं, वे भी इस विषय की विशिष्ठता के बारे में कोई विशेष भ्रम न रखें और अपनी अपनी, तथाकथित, कट्टरपंथी, “प्रभावशाली तरीकों” आदि की डींग न मारें!... क्योंकि, मैं कहता हूँ, उनके सभी नारे, सभी परिकल्पनाएँ, घिसी-पिटी लकीर से संघर्ष के प्रति उनकी भूमिका इत्यादि – ये सब एक शिक्षित दिमाग की चालें हैं और कुछ नहीं. मैं कलात्मक सोच के क्षेत्र में स्वाभाविकता का पक्षधर हूँ. मैं मानता हूँ, कि ऐसी रचनाओं के सृजन के उद्देश्य का, जो अभी हमने सुनी, कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया जा सकता. क्या रचना करते समय वह सोच रहा था या नहीं, मैं नहीं जानता. मगर मैं ये जानता हूँ, मुझे गहरा विश्वास है, कि प्राकृतिक, चाहे दर्दनाक मुक्ति और सम्पूर्ण मासूमियत, पवित्रता, स्वच्छता को देखते हुए, “वैज्ञानिक कलात्मकता” की मान्यताओं से असीमित मुक्ति को देखते हुए और, यदि आप चाहें, तो मासूमियत, पाकीज़गी, ख़ासकर पाकीज़गी को देखते हुए, जो तथाकथित साहित्य के लिए अपरिचित है, जो पाठकों की पसन्द को ध्यान में रखकर रचा जाता है, और इसलिए परिभाषानुसार भ्रष्ट है – इस सबको देखते हुए वो, जो हमने अभी सुना है, ऊँची किस्म का साहित्य है, और मैं दावा करता हूँ, कि अन्य सब साहित्य झूठ है!”
“पापा, पापा,” पीठ के पीछे से सुनाई दिए. “अंकल गॉड की प्रेयर कर रहे हैं!”
मैं घुटनों के बल खड़ा था और बर्फ खा रहा था. मैंने बर्फ को चेहरे पर, आँखों पर, होठों पर मला.
“क्या आपकी तबियत ख़राब है? आपको मदद चाहिए?”
“मैं ठीक हूँ, मैं ठीक हूँ, मुझमें अभी भी ताकत है.”
वलेन्तीन यूरेविच एक मिनट निश्चल बैठा रहा. धुँधली यादें उसे परेशान कर रही थीं. आख़िरकार उसने मोबाइल निकाला और मक्सिम को फ़ोन किया.
“अजीब चुनाव है, मक्सिम. इस समय मुश्किल से ही किसीको इसमें दिलचस्पी हो सकती है. मैं सोचता हूँ, कि “बेल्विदेर” में मेरा परिचय किसी और कहानी से होना चाहिए. इससे नहीं.”
“फिर वही राग! सुनिए, इस तरह से काम नहीं होता, आपने तो कॉन्ट्रैक्ट पर दस्तख़त किए हैं!”
शोर की आवाज़ से पता चल रहा था कि मक्सिम और मरीना रास्ते पर चल रहे थे.
वलेन्तीन यूरेविच निराश हो गया.
“समझ में नहीं आता, कि आप इसी कहानी के पीछे क्यों पड़े हैं! अगर आपको ऐतिहासिक कहानी की इतनी ही ज़रूरत है, तो मैंने, मिसाल के तौर पर सोल्झेनीत्सिन को देखा है, आप सिर्फ कल्पना कीजिए!...प्रत्यक्ष...और मेरे पास इस विषय पर एक निबंध भी है!...”
“भाड़ में जाए सोल्झेनीत्सिन, आप, क्या मज़ाक कर रहे हैं? हम एक विशिष्ठ घटना के बारे में सामग्री संकलित कर रहे हैं – विशिष्ठ साहित्य-संध्या के बारे में, उग्लोवाया गली के एक फ्लैट में आयोजित कार्यक्रम के बारे में...और आप मुझे सोल्झेनीत्सिन के बारे में बता रहे हैं!... तीन प्रतिभागी हमें अपने संस्मरण दे चुके हैं और उनमें प्रोफेसर मर्शीन भी हैं!...हमें आपकी रचना चाहिए! वह सबसे ज़्यादा मूल्यवान है...ताज़ा घटनाओं पर त्वरित प्रतिक्रिया...”
“मुझे समझाइए कि ये आयोजन क्या था?” दिमीखिन चीखा. “किस बात के बारे में था, समझ में नहीं आ रहा है?!”
“वलेन्तीन यूरेविच, क्या अब मैं आपको साहित्य के इतिहास के बारे में बताऊँगा?”
“इतिहास किसका?...सा-हि-त्य का?...तो फिर आप उस पॉल् की रचना क्यों नहीं ढूँढ़ते?!...ढूँढ़िए और तस्वीर पूरी करने के लिए उसे प्रकाशित कीजिए!”
“रचना, जैसा कि आपने फ़रमाया, उस पॉल की, काफ़ी पहले मिल गई है और अनेक बार प्रकाशित हो चुकी है. और विदेशी भाषाओं में अनुवादित हो चुकी है. वैसे, आपको शायद, उसकी याद नहीं है, उसका असली उपनाम पॉल नहीं, बल्कि झ्यूल है, ये उसे आप अपनी कहानी में पॉल कहते हैं, मगर पूरी दुनिया में वह झ्यूल के नाम से मशहूर है. झ्यूल झ्यूलेयेव.”
“पूरी दुनिया से क्या मतलब है?” वलेन्तीन यूरेविच ने फ़ौरन पूछा.
“यही मतलब है. और ये अंक पूरी तरह उसको समर्पित है – झ्यूल झ्यूलेयेव को. ये बात है! “बेल्विदेर” के चौथे अंक में पहली बार झ्यूल झ्यूलेयेव की उन सभी रचनाओं का, जो अभी तक अस्तित्व में हैं, पूरा संकलन प्रकाशित किया जाएगा, टिप्पणियों, परिशिष्टों और झ्यूल झ्यूलेयेव नामक अद्भुत घटना के शोधकर्ताओं के निबंधों सहित. मुझे आपके लिए बड़ा अजीब लगता है, आप तो जैसे चाँद पे रहते हैं. ठीक है. इससे आपकी रचना का महत्व कम नहीं हो जाता. और ये बात, कि आपका दृष्टिकोण नकारात्मक है, ये ख़ास तौर से मूल्यवान है. सिर्फ सफ़ाई देने की ज़रूरत नहीं है!... तो, अब नख़रे करना बंद करें. अच्छा नहीं लगता.”
“क्या झ्यूल झ्यूलेयेव,” कँपकँपाती आवाज़ में वलेन्तीन यूरेविच ने पूछा, “ज़िंदा है?”
“मर गया सन् ’92 में, कुछ अन्य सूचनाओं के अनुसार – सन् ’93 में, जब मानसिक रुग्णालयों और विशेष आवास-सुविधाओं का एक हिस्सा बंद कर दिया गया था... आपको तो याद होगा?... आर्थिक सहायता बंद होने के कारण...उसका जीवन भयानक था, वलेन्तीन यूरेविच...ख़ुशकिस्मती से बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज़ ने “बेल्विदेर” को कॉपीराइट दे दिया.”
“क्या मैं”, वलेन्नतीन यूरेविच ने पूछा, “परिशिष्ट में रहूँगा?”
“आप? हाँ हाँ. कॉन्ट्रैकट देखिए, वहाँ सब कुछ है. और आपको कौन सी चीज़ परेशान कर रही है, वलेन्तीन यूरेविच? संकलन का पाँच भाषाओं में अनुवाद हो रहा है, ये अन्तर्राष्ट्रीय प्रोजेक्ट है. आपको तो जर्मनी में कभी प्रकाशित नहीं ना किया गया?...माफ़ कीजिए, बैटरी डाऊन हो रही है...”
फोन हटाकर वलेन्तीन यूरेविच ने कप को उलट दिया. मगर कॉफी के गाढ़े घोल से उसने कुछ नहीं बूझा, वह बाहरी दरवाज़े की ओर चल पड़ा. उसने दस्ताना गिरा दिया, और जब उसे उठाने के लिए झुका, तो देखा, कि दुबला-पतला नमूना अपनी जगह से उठ रहा है.
दुबला-पतला नमूना सीधे उस मेज़ की तरफ़ बढ़ा, जिसे अभी-अभी वलेन्तीन यूरेविच ने ख़ाली किया था, प्लेट से पेस्ट्री उठाई (मरीना ने एक चौथाई पेस्ट्री भी नहीं खाई थी) और जितना संभव था, “ईवनिंग सीक्रेट” को पूरा का पूरा मुँह में ठूँस लिया. इसके बाद वह तेज़ चाल से दरवाज़े की ओर लपका.
दरवाज़े पर वलेन्तीन यूरेविच ने उसके लिए रास्ता छोड़ा.
जेब में आवाज़ आई.
मरीना फोन कर रही थी.
“हम एक बात पूछना भूल गए, वलेन्तीन यूरेविच. क्या ये सच है कि आप उस समय बर्फ खा रहे थे और घुटनों के बल प्रार्थना कर रहे थे?”
वह ख़ामोश रहा.
“बात ये है, कि वह कार्यक्रम हुआ था मार्च के अंत में. मैक्स कहता है, कि बर्फ उस समय करीब-करीब थी ही नहीं और इसलिए आप घुटनों के बल बर्फ पर खड़े नहीं हो सकते थे. अगर बर्फ होती भी, तो बेहद गंदी होगी. आपने गन्दी बर्फ तो नहीं खाई होगी, है ना? ये ‘अतिशयोक्ति’ है, हाँ? साहित्यिक तकनीक?”
“तकनीक”, दिमीखिन भर्राया और उसने फोन बन्द कर दिया.

*********

शनिवार, 28 दिसंबर 2019

Sobachii Kholad


कड़ाके की ठण्ड
लेखक: ईल्या इल्फ़, यिव्गेनी पित्रोव
अनुवाद : आ. चारुमति रामदास
स्केटिंग रिंक्स बन्द हैं. बच्चों को घूमने के लिए नहीं छोड़ा जा रहा है, और वे घर में बैठे-बैठे उकता रहे हैं. घुड़सवारी प्रतियोगिताएँ रोक दी गई हैं. तथाकथित “कुत्ती-ठण्ड” आ गई है.
मॉस्को में कुछ थर्मामीटर -340 दिखा रहे हैं, कुछ, न जाने क्यों, -310 , और कुछ ऐसे भी अजीब थर्मामीटर हैं, जो – 370 भी दिखा रहे हैं. और ऐसा इसलिए नहीं हो रहा है क्योंकि कुछ थर्मामीटर सेल्सियस और कुछ रियूमर में तापमान दिखाते हैं, और इसलिए भी नहीं, कि अस्तोझेन्का में अर्बात के मुकाबले ज़्यादा ठण्ड है, और राज़्गुल्याय में गोर्की स्ट्रीट के मुकाबले ज़्यादा कड़ी बर्फ है. नहीं, कारण कुछ और ही हैं. आप जानते ही हैं, कि इन नाज़ुक उपकरणों की उत्पाद गुणवत्ता हमेशा ऊँचे दर्जे की नहीं होती. संक्षेप में, जब तक संबंधित व्यवसाय संगठन, इस बात से हैरान होकर, कि बर्फ़बारी के कारण लोगों को अप्रत्याशित रूप से उसकी ख़ामियों का पता चल गया है, अपने उत्पादन में सुधार लाने की कोशिश नहीं करता, हम एक औसत आँकड़ा ले लेते हैं, -330.. ये बिल्कुल विश्वसनीय है और “कुत्ती-ठण्ड” की अवधारणा की सटीक अंकगणितीय अभिव्यक्ति है.
आँखों तक गरम कपड़ों में लिपटे हुए मॉस्कोवासी अपने स्कार्फ़ और कॉलर्स के बीच से एक दूसरे से चिल्लाकर कह रहे हैं:
“ग़ज़ब हो गया, कितनी ठण्ड है!”
“इसमें ग़ज़ब की क्या बात है? मौसम विभाग कह रहा है कि बेरिन्ट सागर से आ रही ठण्डी हवाओं के घुस आने के कारण मौसम ठण्डा हो गया है.”           
“धन्यवाद. वो लोग इतनी बारीकी से कैसे जान लेते हैं. और मैं बेवकूफ़, ये सोच रहा था कि ये ठण्ड गर्म अरबी हवाओं के घुस आने के कारण है.”
“आप हँस रहे हैं, मगर कल तो ठण्ड और भी बढ़ने वाली है.”
“ऐसा नहीं हो सकता.”
“यकीन मानिए, ऐसा ही होने वाला है. अत्यंत विश्वसनीय सूत्रों से पता चला है. बस, किसी को बताना नहीं. समझ गए? हमारे यहाँ चक्रवात आने वाला है, और इसके पीछे-पीछे प्रतिचक्रवात. और इस प्रतिचक्रवात के पीछे फिर से चक्रवात, जो हमें अपनी चपेट में लेने वाला है. समझ रहे हैं? अभी तो कुछ भी नहीं है, अभी हम प्रतिचक्रवात के केन्द्र में हैं, मगर जब चक्रवात की पूँछ में पहुँचेंगे तब आप रोने लगेंगे. अप्रत्याशित बर्फबारी होगी. सिर्फ किसी से एक लब्ज़ भी न कहना.” 
“माफ़ कीजिए, वैसे ज़्यादा ठण्डा कौन होता है – चक्रवात या प्रतिचक्रवात?”
“बेशक, प्रतिचक्रवात.”
“मगर अभी-अभी आपने कहा कि चक्रवात की पूँछ में कोई अप्रत्याशित बर्फबारी होती है.”
“पूँछ वाले हिस्से में वाकई में बेहद ठण्ड होती है.”
“और प्रतिचक्रवात?”
“क्या प्रतिचक्रवात?”
“आपने ख़ुद ही कहा कि प्रतिचक्रवात ज़्यादा ठण्डा होता है.”
“और मैं कह रहा हूँ, कि ज़्यादा ठण्डा है. आपको कौन सी बात समझ में नहीं आ रही है? प्रतिचक्रवात के केन्द्र में ज़्यादा ठण्ड होती है, बनिस्बत चक्रवात की पूँछ के. लगता है, समझ में आ गया.”
“और फ़िलहाल हम कहाँ हैं?”
“प्रतिचक्रवात की पूँछ में. क्या आप देख नहीं रहे हैं?”
“इतनी ठण्ड क्यों है?”
“कहीं आपने ये तो नहीं सोच लिया कि प्रतिचक्रवात की पूँछ से याल्टा बंधा हुआ है? क्या आपके हिसाब से ऐसा है?”
आम तौर से देखा गया है कि भारी बर्फ़बारी के दौरान लोग बेवजह ही झूठ बोलने लगते हैं. बेहद ईमानदार और सत्यवादी लोग भी झूठ बोलते हैं, जिनके दिमाग़ में सामान्य मौसम में झूठ बोलने का ख़याल तक नहीं आता. और बर्फ़बारी जितनी भारी होती है, झूठ भी उतना ही भारी होता है. तो, मौजूदा ठण्डे मौसम में सरासर झूठ बोलने वाले इन्सान को ढूँढ़ना ज़रा भी मुश्किल नहीं है.
ऐसा आदमी किसी के यहाँ आता है, बड़ी देर तक अपने गरम कपड़े उतारता है; अपने मफ़लर के अलावा सफ़ेद लेडीज़ शॉल उतारता है, भारी-भरकम जूते खींचकर निकालता है और अख़बार में लिपटे साथ लाए हुए घरेलू जूते पहन लेता है और कमरे में घुसते हुए प्रसन्नता से चहकता है:
“बावन डिग्री. रियूमर के अनुसार.”
मेज़बान कहना चाहता है, कि “इतनी भारी बर्फबारी में तू क्यों लोगों के घरों में घुस रहा है? घर में ही बैठा रहता”, मगर इसके बदले वह अकस्मात् कहता है:
“क्या कह रहे हैं पावेल फ़िदरोविच, और ज़्यादा है. दिन में ही चौवन था, और अब तो और भी ज़्यादा ठण्डा है.”
तभी घंटी बजती है, और बाहर से एक नई आकृति प्रकट होती है. यह आकृति कॉरीडोर से ही ख़ुशी से चिल्लाती है:
“साठ, साठ! साँस लेने के लिए कुछ नहीं है, बिल्कुल कुछ भी नहीं.”
और तीनों ही अच्छी तरह जानते हैं, कि ज़रा भी साठ नहीं है और चौवन भी नहीं है, और बावन भी नहीं, और पैंतीस भी नहीं, बल्कि तैंतीस है, और वो रियूमर पर नहीं, बल्कि सेल्सियस स्केल पर, मगर अतिशयोक्ति से बचना असंभव था. उनकी इस छोटी-सी कमज़ोरी के लिए उन्हें माफ़ करेंगे. बोलने दो झूठ अपनी सेहत के लिए. हो सकता है, कि उन्हें ऐसा करने से कुछ गरमाहट महसूस होती हो.
जब वे बातें कर रहे होते हैं, तभी खिड़कियों से पट्टी गिर जाती है, क्योंकि वह पट्टी उतनी नहीं है, जितनी सादी मिट्टी है, जबकि माल की गुणवत्ता की सूची में इसकी गुणवत्ता उच्चतम दिखाई गई है. बर्फ-इंस्पेक्टर सब देखता है. ये भी देखता है, कि दुकानों में ख़ूबसूरत रंगीन रूई भी नहीं है, जिसकी ओर देखना अच्छा लगता है, जब वह खिड़कियों की फ्रेम्स के बीच बैठी क्वार्टर की गर्माहट की हिफ़ाज़त करती है.             
मगर बातें करने वालों का इस ओर ध्यान नहीं जाता. अलग-अलग किस्से सुनाए जा रहे हैं ठण्ड के और बर्फीले तूफ़ानों के बारे में, ठिठुरते लोगों की हिफ़ाज़त करती सुखद झपकी के बारे में, सेन्ट बर्नार्ड्स के बारे में जो गले के पट्टे पर रम की बैरल लटकाए, बर्फीले पहाड़ों में भटके हुए पर्वतारोहियों की तलाश करते हैं, हिम-युग को याद करते हैं, बर्फ़ में दब गए परिचितों को याद करते हैं (एक परिचित जैसे बर्फ के छेद में गिर गया था, बारह मिनट बर्फ़ के भीतर रहने के बाद रेंगकर बाहर आ गया था – सही-सलामत). और इसी तरह के कई किस्से.
मगर सबसे बढ़िया थी कहानी दद्दू के बारे में. दादाओं का स्वास्थ्य आम तौर से बढिया होता है. दादाओं के बारे में अक्सर दिलचस्प और वीरतापूर्ण किस्से सुनाए जाते हैं. (मिसाल के तौर पर, “मेरे दादा कृषि-दास थे”, जबकि असल में उनकी एक छोटी-सी किराने की दुकान थी). तो, भारी बर्फ़बारी के दिनों में दादा की आकृति विशाल रूप धारण कर लेती है.
हर घर में दादा की अपनी-अपनी कहानियाँ होती हैं.               
“ये, आप और हम स्केटिंग कर रहे हैं – कमज़ोर, लाड़ में पली पीढ़ी. मगर मेरे दादा जी, मुझे अभी भी उनकी याद है (यहाँ सुनाने वाला लाल हो जाता है, ज़ाहिर है ठण्ड की वजह से), सीधे सादे कृषि दास, और बेहद कड़ाके की ठण्ड में, पता है, चौसठ डिग्री में, जंगल जाते थे लकड़ियाँ तोड़ने, सिर्फ एक उजले जैकेट और टाई में. कैसे?! थे न बहादुर इन्सान?”
“दिलचस्प बात है. मेरे साथ भी ऐसा ही संयोग था. मेरे दादा जी बिल्कुल अपनी ही तरह के इन्सान थे. माइनस सत्तर डिग्री तापमान, हर ज़िंदा चीज़ अपने-अपने बिल में छुपी थी, मगर मेरा बूढ़ा सिर्फ धारियों वाली पतलून में जा रहा है, हाथ में कुल्हाड़ी लिए नदी में नहाने के लिए. अपने लिए एक छेद बनाता है, घुस कर नहाता है – और वापस घर लौटता है. फ़िर भी कहता है, कि गर्मी लग रही है, दम घुट रहा है.”
यहाँ दूसरा लाल हो जाता है, ज़ाहिर है चाय पीने के कारण.  
वार्तालाप कर रहे लोग कुछ देर तक सतर्कता से एक दूसरे की ओर देखते हैं और, ये निश्चित करके कि पौराणिक दादा जी के प्रति कोई विरोध नहीं हो रहा है, इस बारे में झूठ बोलना शुरू करते हैं कि कैसे उनके पुरखे उँगलियों से रूबल के सिक्के तोड़ देते थे, काँच खा जाते थे और जवान लड़कियों से शादी करते थे – सोचो, किस उमर में? एक सौ बत्तीस साल की उमर में. बर्फ़बारी लोगों के कैसे-कैसे छुपे हुए गुणों को उजागर करती है!
अविश्वसनीय दादा चाहे जो करते हों, मगर तैंतीस डिग्री तापमान अच्छा नहीं लगता. अमुन्दसन ने कहा कि ठण्ड की आदत नहीं हो सकती. उसकी बात पर यकीन किया जा सकता है, बिना प्रमाणों की माँग किए. उसे ये बात अच्छी तरह मालूम है. तो, बर्फ, बर्फ. यकीन ही नहीं होता कि हमारे सुदूर उत्तर में ख़ुशनसीब, गर्माहट भरे स्थान हैं, जहाँ सम्माननीय मौसम विभाग के अनुसार शून्य से सिर्फ दस-पन्द्रह डिग्री नीचे तापमान है.
स्केटिंग रिंक्स बंद हैं, बच्चे घरों में बैठे हैं, मगर ज़िंदगी चल रही है – मेट्रो-रेल का काम पूरा हो रहा है, थियेटर्स भरे हैं ( ‘शो’ छोड़ने की अपेक्षा ठण्ड में ठिठुरना बेहतर है), पुलिस वाले अपने दस्ताने नहीं उतारते, और, बेहद कड़ाके की ठण्ड में भी हवाई जहाज़ एक के बाद एक अपने गंतव्य की ओर उड़ रहे हैं.
(1935)         

मंगलवार, 19 नवंबर 2019

Love for Paris



पैरिस से प्यार
लेखक : सिर्गेइ नोसव
अनुवाद : आ. चारुमति रामदास

धातु की छोटी-सी ट्रे में बेयरा एक सुरुचिपूर्ण फोल्डर में बिल लाया. चिल्लर और टिप का हिसाब करके बेर्ग ने फोल्डर में गोथिक ब्रिज की तस्वीर वाला हरा नोट रखा और एक मिनट में दूसरी बार घड़ी पर नज़र डाली. शायद, बेयरे ने सोचा, कि मेहमान जल्दी में है, मगर, यदि वह सचमुच ही जल्दी में होता, तो घण्टे भर तक कॉफ़ी न पीता होता. बेर्ग के चेहरे पर झुँझलाहट थी, हो सकता है, परेशानी भी हो, मगर बेसब्री ज़रा भी नहीं थी : उसे ख़ुद भी मालूम नहीं था, कि कहाँ और किसलिए जाएगा. बस, जाने का टाइम हो गया है – मुलाकात नहीं हो पाई. और ज़्यादा इंतज़ार करने में कोई तुक नहीं था.
इसी समय उसकी मेज़ के पास एक लाल बालों वाली मैडम आई – करीब बीस मिनट पहले ही बेर्ग उसे देख चुका था. उसे आकर्षित कर गया था उसके चेहरे का असाधारण भाव – जिसके कारण वह कैफ़े में उपस्थित अन्य लोगों से अलग प्रतीत हो रही थी – कुछ उल्लासपूर्ण-प्रसन्नता का, मानो कोई अत्यन्त उच्च कोटि का, प्रसन्नतापूर्ण नज़ारा देख रही हो; वह अकेली मेज़ के पीछे बैठी थी, इस तरह मुस्कुरा रही थी और लाल-वाइन से आधे भरे गिलास के किनारे पर बेमतलब ही उँगली घुमा रही थी. उसमें कोई ख़ास रूसी बात नज़र नहीं आ रही थी, मगर न जाने क्यों बेर्ग ने सोचा कि शायद वह रूसी है, और, उसके प्रति दिलचस्पी ख़त्म होने से वह मुड़ गया, जिससे उस ओर ज़्यादा न देखे और उसके बारे में न सोचे. अब “नमस्ते!” सुनकर बेर्ग कुछ तन गया, फ़ौरन ये महसूस करके, कि उस समय उसकी नज़रों ने मैडम को यूँ ही नहीं उलझाया था. बेर्ग को गुज़रे ज़माने से मुलाकातों का शौक नहीं था. कई बार उसने  कोरे पन्ने से ज़िन्दगी शुरू की थी, अपने आप को लम्बी, तफ़सीलवार याद से परेशान न करते हुए.    
“ऐसा ही सोचा था, कि पैरिस जाऊँगी और किसी से मुलाकात होगी. बैठ सकती हूँ?” वह उसकी मेज़ पे बैठ गई.
बेर्ग समझ नहीं पाया कि क्या कहना चाहिए, इसलिए उसने ऐसे कहा, जैसे यह महत्वपूर्ण था:
“मैं जाने ही वाला था.”
“बहुत अच्छे,” उसने खुलकर मुस्कुराते हुए कहा. “ कितने साल हो गए? दस, बारह?”
सुझाव दे रही थी.
हुम्...दस-बारह – ये तो एक युग होता है. दो युग. बेर्ग की समय-गणना के हिसाब से दस-बारह – पिछली से पिछली ज़िन्दगी होती है.
वह झूठ नहीं बोला : “तुम ज़रा भी नहीं बदलीं” – उसने अपने आपको संयत किया. मगर, यदि ऐसा कह देता, तो वह यकीन कर लेती. वह देख रहा था, कि उसे मालूम है, कि वह जवान दिखती है – अपनी उम्र से कम. और देख रहा था, कि उसे मालूम है, कि उसे याद न रखना असंभव है – चाहे कितना ही पहले और चाहे किसी की भी ज़िंदगी में वह न झाँकी हो.
मगर वह, ज़ाहिर है, नहीं जानती थी, और अगर जानती, तो भूल गई थी, बेर्ग की ख़ासियत को, जिसके कारण उसे कई असुविधाओं का सामना करना पड़ता था, - उसकी, जैसा वह मानता था, चेहरों को याद न रख पाने की क्षमता को. बेर्ग के कलाकार-दोस्त एक बार देखे हुए चेहरे को जीवन भर याद रख सकते थे, मगर उसके पास एक अन्य व्यावसायिक योग्यता थी (अफ़सोस, जिसने रोज़मर्रा की ज़िन्दगी में उसे कोई प्राथमिकता नहीं दी थी) – वह अपने दिमाग़ में पन्नों के नंबर, तारीखें, फॉर्मूले, उद्धरण सुरक्षित रख सकता था. अपने पिछले साल के लेख को वह शब्दशः दुहरा सकता था, मगर लोगों के नाम उनसे परिचय के फ़ौरन बाद ही भूल जाता था, ज़्यादा सही कहें, तो वह उन्हें याद रखने का कष्ट नहीं उठाता था. इसे आसपास के लोगों के प्रति लापरवाही कहा जा सकता था, मगर दिमाग़ की ख़ासियत भी कहा जा सकता था. उसका दिमाग़ ऐसा ही है. ग्रंथ-सूची सूचकांकों के नामों को वह आसानी से और लम्बे समय तक याद रख सकता था.
“पैरिस में एक बात बुरी है, कहीं भी इन्सान की तरह धूम्रपान नहीं कर सकतो हो. वर्ना, वैसे अच्छा है. क्या तुम यहाँ रहते हो?”            
वह दमक रही है, और आँखों में चमक है. कलाकार-महाशयों, सुखी व्यक्ति की तस्वीर बनाओ.
“मतलब, पूरी तरह नहीं,” बेर्ग ने जवाब दिया.
अपने अनुभव से वह जानता था, कि अगर नाम याद करने लगो, तो बाकी सब भी याद आ जाएगा.
“सुनो,” उसने कहा, “मैंने तुम्हें कहीं सचमुच में तो डिस्टर्ब नहीं ना किया?”
और उसे याद आ गया – नाम तो नहीं, बल्कि ये, कि उसका कोई नाम तो था – मतलब, था और है – छम्मकछल्लो जैसा, घिसापिटा नहीं. जैसे गेर्त्रूदी या फिर लुसेरिया.  
“चलो, कुछ खाएँगे,” अचानक उसके रू-बरू बैठी नव-परिचिता ने सुझाव दिया, “खाएँगे और पिएँगे. यहाँ अविश्वसनीय किस्म के ऑयस्टर्स पेश किए जाते हैं. या फिर – क्या तुम्हें स्नैल्स चाहिए? बिल मैं दूँगी. बिना किसी हिचकिचाहट के, प्लीज़. मेरे पास ढेर सारे पैसे हैं, और मुझे उन्हें पैरिस में खर्च करना ही है.”
आदाब-अर्ज़ है, आ टपके – और वह उसके लिए पैसे क्यों दे? बेर्ग ने मेहमाननवाज़ी से साफ़ इनकार कर दिया.
“नहीं, तुम्हें कुछ न कुछ पीना ही पड़ेगा. कोई बढ़िया किस्म की कोन्याक...”
“मैं पीता नहीं हूँ.”
“ऐसे कैसे पीते नहीं हो?”
“बिल्कुल नहीं पीता.”
“ये हुई ना बात. और काफ़ी अर्से से नहीं पीते हो?”
“करीब साल भर से.”
“वाह. कौन सोच सकता था. याद है, झरने में तैरा करते थे?”
“तालाब में”
उसने दृढ़ता से कहा:
“झरने में.”                                
उसे याद था, कि झरने में नहीं, हाँलाकि अच्छी तरह याद नहीं था, कि किसके साथ और किन परिस्थितियों में, और किस हद तक सामूहिक रूप से, अगर कहीं तैरता भी था तो, मगर झरने में तो कदापि नहीं, हालाँकि क्या फ़र्क पड़ता है, झरने में ही सही. मगर था तो तालाब ही.
उसने कहा:
“तुम मेरी तरफ़ मत देखो, दिल चाहता हो तो पियो और कुछ खा लो.
ये तैरना, चाहे कहीं भी क्यों न हो, और छतों पर चलना – किसी विशेष घटना की याद नहीं दिलाते थे – जो भूल चुके हो उसमें से मुश्किल से ही कुछ याद आता है. छोटे थे, सिरफ़िरे.
“अगर तुम्हें परेशानी न हो, तो मैं एक पैग ”शैटो गिस्कोर” का लूँगी.”
उसने “शैटो गिस्कोर” का एक पैग ऑर्डर किया, पूरी तरह शुद्ध अंग्रेज़ी में नहीं, और जब बेर्ग ने दृढ़ता से (जितना संभव था) कहा, कि वह कॉफ़ी भी नहीं पियेगा, तो फिर से अंग्रेज़ी में, बेयरे की उपस्थिति में, बेर्ग से बोली कि ये सही नहीं है. फिर बोली: “ एक मिनट”, - टॉयलेट की ओर चली गई.
बेर्ग का एक अपना तरीका था, जिसे उसने ख़ुद ही सोचा था. मन ही मन वर्णाक्षरों को दुहराना और हर अक्षर पे नाम याद करना. वे, असल में बहुत नहीं हैं. नाम. (और अक्षर तो और भी कम हैं). अक्सर ये तरीका काम कर जाता है.
आ. - आन्ना, एलेना, अलीना, अरीना, आग्लाया.... बे. – ब्रोन्या, बेला...वे. – वाल्या, वा-या, वीका, और वसिलीसा... गे. – गलीना, गेन्रिएत्ता...
ई. – पर मिल गया:
ईरा, इंगा, इलोना – तभी दिमाग़ में सरसराहट हुई : इन्ना!
इन्ना. इनेस्सा.
कंधों से बोझ उतर गया.
इस नाम ने एक धुँधली सी आकृति ग्रहण कर ली. संदर्भ के विवरण भी याद आने लगे – दो-एक पात्रों के नाम उन ऐच्छिक ग्रुप्स में से एक ग्रुप के, जिनसे बेर्ग के परिचितों के मुख्य गुट का कभी-कभार संबंध हो जाता था – वो ग्रुप, जिसके केंद्र में बेर्ग स्वयम् की कल्पना करता था.
बेर्ग को कभी-कभी अचरज होता था, कि कुछ लोग उसके साथ परिचय को महत्व देते थे. इसमें उसे अपने लिए कोई ख़ुशामद की बात नहीं दिखाई देती थी. अगर उसे समय रहते ही भूल जाते, तो ज़्यादा अच्छा होता.
इनेस्सा वापस आई.
“संक्षेप में,” इनेस्सा ने कहा, “ यूरच्का के साथ सब ख़त्म हो गया है. तुम्हें, शायद, यूरच्का की याद नहीं है?”
किस-किस को, और ख़ास यूरच्का को याद रखना उसकी मजबूरी नहीं है.             
“मैंने बाद में उससे शादी कर ली थी. मगर अब - सब ख़त्म. चार साल गुज़ारे एक साथ.”
बेर्ग यूरच्का के बारे में सोचना नहीं चाहता था, मगर दिमाग़ में यूरच्का की भूमिका में एक पात्र टिमटिमाने लगा. एकदम बदरंग व्यक्तित्व. बेर्ग को अचरज भी हुआ कि ऐसा बदरंग पात्र उसकी याददाश्त में रहने के काबिल है.
“बढ़िया,” इनेस्सा ने होठों से जाम हटाकर कहा, “कोई ख़ुशी सी थी, बस, वहाँ खिड़की के पास हेमिंग्वे बैठा था, उपन्यास लिख रहा था, समझ रहे हो?”
“यहाँ काफ़ी लोग आ चुके हैं,” बेर्ग ने कहा.
“मैं हर चीज़ माफ़ कर सकती थी, उसकी सभी प्रेमिकाओं को, सारी बेवफ़ाईयों को, मगर पैरिस, पैरिस के लिए मैं उसे कभी माफ़ नहीं करूँगी!...तीन साल तक वह मुझे धोखा देता रहा. पैरिस जाता, जैसे बिज़नेस ट्रिप पर जा रहा हो, कभी-कभी बिज़नेस के लिए भी जाता था, मगर हमेशा नहीं!...सबसे ज़्यादा डर उसे, पता है, किस बात का था? कि मैं पैरिस में न आ धमकूँ. और उसका डर सही था. यहाँ हम दोनों के काफ़ी परिचित हैं, फ़ौरन सारा भेद खुल जाता. और तुम ख़ुद भी उसे जानते हो.”
“मेरा ख़याल है, कि नहीं जानता,” बेर्ग ने कहा.
“चलो, मैं फ्लैट से बाहर नहीं निकलती, मैं पूरी दुनिया घूम चुकी हूँ! मैं हाँगकाँग जा चुकी हूँ. इजिप्ट गई थी. न्यूज़ीलैण्ड भी गई थी. यूरोप में ऐसी कौन सी जगह है, जहाँ नहीं गई हूँ. पूरा इटली घूम चुकी हूँ – मिलान, वेनिस. फ्लोरेन्स, रोम...मगर पैरिस कभी नहीं आई थी. बस, अभी आई हूँ. यकीन नहीं होता, कि मैं पहली बार पैरिस आई हूँ. ये उसने, उसने मुझे हमेशा पैरिस आने से रोका. उसीने पैरिस के बारे में गन्दी-गन्दी बातें कहीं. क्या तुम यकीन कर सकते हो कि मैंने उन पर विश्वास कर लिया?”  
“उस पर?” बेर्ग ने सवाल दुहराया.
“ उस पर, कि पैरिस – गन्दा, उकताहटभरा छोटा-सा शहर है?! नहीं कर सकते?”
“क्या मैं यकीन कर सकता हूँ, कि तुमने यकीन कर लिया, कि पैरिस गन्दा, उकताहटभरा छोटा सा शहर है?” बेर्ग ने सवाल को व्यवस्थित किया, ये निश्चित न कर पाने के कारण कि उससे इस सवाल पर कैसे जवाब की अपेक्षा की जा रही है.
“मैं ख़ुद भी विश्वास नहीं कर सकती, मगर मैंने विश्वास कर लिया!”
बेर्ग को ये दिलचस्प लग रहा था. उसे कहीं जाने की जल्दी भी नहीं थी.
“मुझे तो बचपन से मालूम था, कि पैरिस तो पैरिस है. कि पैरिस – हमेशा ओ हो हो! है. मगर तब – विश्वास कर लिया. सुअर है मेरा यूरच्का – मैं तुमसे कहती हूँ. तुम्हें वेरोनिका की याद है? अरे, वही, बड़ी-बड़ी आँखों वाली?...”
याददाश्त पर ज़ोर दिया.
“अरे, कैसे याद नहीं है, उसका गलानोगव के साथ...”
“ऐ ख़ुदा, मुझे तो गलवानोगव की भी याद नहीं है!” बेर्ग चीख़ा.    
“गलवानोगव नहीं, गलानोगव. ख़ैर, ये ख़ास बात नहीं है. मतलब, जब मेरा यूरच्का उसके पास से पहली बार आया, वह निचोड़े हुए नींबू की तरह था. उसने मुझसे कहा, कि पैरिस से ज़्यादा बुरी कोई और जगह नहीं है. कि घण्टे और मिनट गिनता रहा, कि कब पैरिस से वापस जाएगा. मैंने कहा, ऐसा कैसे, वो तो पैरिस है!...मगर वह बोला : कैसा पैरिस? छेद है, न कि पैरिस. अरे, टॉवर दिखाई देता है, तो वह सिर्फ तस्वीरों में टॉवर है, वर्ना वैसे – जो चाहो, समझो, मगर टॉवर नहीं है...मैंने पूछा : और नोत्र दाम?... और उसने कहा, तूने बचपन में ह्यूगो को खूब पढ़ लिया है, तुझे तो नोत्र दाम को देखना भी नहीं चाहिए. और उसके पास तस्वीरें भी कैसी भद्दी निकली थीं. तस्वीरों में सभी लोग कैसे बदसूरत थे...मैंने पूछा, क्या तूने जानबूझकर सिर्फ आवारा लोगों की तस्वीरें खींची हैं? कहाँ के आवारा, वह बोला, ये ही तो पैरिसवाले हैं!...और सड़कों पर कचरा, और इन्सान की शक्ल के डस्ट-बिन के बजाय, हैंगरों पर पॉलिथिन की थैलियाँ...
“ये आतंकवाद के कारण,” बेर्ग उठ गया.
“मगर क्या तब मैं यह जानती थी? देखती हूँ ; हैंगर पर, या क्या कहते हैं...और थैली में मुड़े-तुड़े बियर के डिब्बे...एक और थैली. और एक थैली. और वह जान बूझ कर ये तस्वीरें ले रहा था, जिससे कि मुझ पर प्रभाव डाल सके. जिससे मुझे पैरिस से नफ़रत हो जाए. और घर भी किराए पर बेहद बुरे लेता था. और उसकी तस्वीरों में पैरिस एक गलीज़ शहर प्रतीत होता था. मुझे अचरज हुआ. उसने मुझसे कहा, “तुम्हें पैरिस बिल्कुल भी अच्छा नहीं लगेगा. पिछले कुछ सालों में ये मेरे लिए सबसे बड़ी निराशाजनक बात रही है”. ज़ाहिर है, मैंने यकीन कर लिया! और मैं उस पर यकीन कैसे न करती? मैं सोचती थी, कि वह वहाँ बिज़नेस के सिलसिले में जाता है, डाक्टरी उपकरण ख़रीदने...”
“दिलचस्प है,” बेर्ग ने कहा.
“सैन की तरफ़, बोला, देखने से भी हँसी आती है, उसे पार कर सकते हो...और बोला, कितना फूहड़पन है : सैन – और स्टेच्यू ऑफ लिबर्टी बाहर झाँक रहा है!?. तुम हँसोगे. ये उसने मुझसे इसलिए कहा, कि मैं हँसूँगी.
उसने कहा, कि उन्होंने अपनी आज़ादी से, समानता से और भाई चारे से सबको अपना लिया है. बिल्कुल बनावटी हैं.”
इनेस्सा ने मुँह बनाया. उसके चेहरे पर कई, विविध प्रकार के भाव आ रहे थे. इनेस्सा को मुँह बनाना अच्छा लग रहा था – कभी वह आँख़ें गोल-गोल घुमाती, कभी नाक सिकोड़ती, कभी मुँह के एक किनारे से मुस्कुराती. बेर्ग ने सोचा कि उसकी फ़ोटो खींचना, शायद, मुश्किल है – उसके भाव पकड़ना असंभव है.
मुझे ऑफ़िस में भी पूछते थे : तेरे वाले को पैरिस कैसा लगा? मैं ईमानदारी से जवाब देती : मेरे वाले को अच्छा नहीं लगा. मगर मुझ पर यकीन नहीं करते : ये क्या, पैरिस में अच्छा नहीं लगा, क्या कहती है?...मैं ख़ुद भी अपना एक किस्सा गढ़ लेती – उस बारे में कि हम सब कल्पना के वश में रहते हैं.. “पैरिस, पैरिस!” मगर असल में – अच्छा, पैरिस है, तो क्या? मैं उस पर यकीन करती थी, यूरच्का पर. कल्पना कर सकते हो, कैसा अधिकार था उसका मुझ पर!...ओह, बेवकूफ़ थी, ओह बेवकूफ़!...वह इस पैरिस के लिए ऐसे निकलता, मानो किसी लेबर-कैम्प में जा रहा हो. कहता, इससे बेहतर होता कलिमा जाना, वहाँ ज़्यादा अच्छा है. और मौसम बेहतर है.”
“मौसम? कलिमा में?”
“हाँ, वह पैरिस के मौसम को भी गालियाँ देता. कहता, कि पैरिस में सब ठण्डक के मारे जम जाते हैं. कि सब लोग घर गर्माने पर बचत करते हैं. और आम तौर से इस बारे में विचार नहीं कंरते, क्योंकि ऐसी आम धारणा है, कि – पैरिस गरम शहर है, वहाँ बर्फ नहीं गिरती, और, क्योंकि सभी इस धारणा के गुलाम हैं, इसलिए यहाँ घरों को गरमाया नहीं जाता. इसलिए पैरिस के घरों में हमेशा ठण्डक रहती है, गर्मियों में भी. अपना गोगल गया था पैरिस “ बेजान रूहें” लिखने के लिए, मगर ठण्ड़क के मारे इतना अकड़ गया, कि इस पैरिस से इटली भाग गया . मगर गोगल के ज़माने में तो कभी-कभार फ़ायरप्लेस गर्माए जाते थे, मगर अब तो वे भी नहीं हैं. और वाकई में, जब वह पैरिस जाता, तो मैं उसकी, यूरच्का की, बुरी सेहत के बारे में सोच-सोचकर परेशान हो जाती. कहीं उसे ज़ुकाम न हो जाए. और जब पिछले साल मैं उसके साथ आने की तैयारी कर रही थी, जिससे कि उसे पैरिस में उदास न लगे, तो उसने मुझे साथ नहीं आने दिया, कहा, फ़रमाइए, बगैर किसी परेशानी के. तुम बार्सेलोना चली जाओ. वो है शहर!”                
“बार्सेलोना अच्छा शहर है,” बेर्ग ने सहमति दर्शाई.
“और क्या पैरिस बुरा है? उसने कहा था, कि जब मैं पैरिस देखूँगी, तो मैं सपने देखना भूल जाऊँगी, मेरे भीतर की हर आशा मैली हो जाएगी, क्योंकि असली पैरिस – इन्सानियत के ख़्वाब का मज़ाक है. और मैंने उसका यकीन कर लिया! ख़ुद को भी अब अचरज होता है, कि मैं उस समय यकीन कैसे कर सकी?! बस – सुना, और कर लिया यकीन. क्योंकि उससे एक ख़याल की तरह प्यार करती थी. पैरिस...एलेन देलोन, रेनुआर, द’अर्तान्यान...”
“क्या तुमने किसी भी ऐसे इन्सान से बात नहीं की, जो पैरिस जा चुका हो?”
“बेशक, की थी. सिर्फ मैंने अपने दिमाग़ में ये भर लिया था, कि पैरिस एक कल्पना है और एक नरक है, क्योंकि यूरच्का पर यकीन करती थी, और कोई भी चीज़ मेरी राय नहीं बदल सकती थी...मुझसे कहते : आह, पैरिस!...और मैं कहती : ये आपके भीतर की घिसी पिटी चीज़ें बोल रही हैं. आप सिर्फ इस बात को स्वीकार करने से डरते हो, कि पैरिस कल्पना है और नरक है, अब करोगे आह, आह. आप तो बेमतलब उपकरणों के साथ टूथब्रश ख़रीदते हैं, क्योंकि उन्हें टी.वी. पर आपको दिखाया जाता है, अपनी अकल से जीना तो भूल ही गए हैं. वो मोपासाँ पैरिस से भाग गया और वह सही था, क्योंकि ये टॉवर तो राक्षस  है, और एक सामान्य व्यक्ति को, अगर वह सचमुच में सामान्य है, तो उसकी ओर घृणा के बगैर देखना अवास्तविक है, मैंने ऐसा कहा, सिर्फ हर चीज़ की, मैंने कहा, आदत हो सकती है, वैसे आजकल सभी तारीफ़ कर रहे हैं, दिखावा कर रहे हैं, कि ये कोई ख़ास चीज़ है, मगर वह तो जैसा राक्षस था, वैसा ही आज भी है. ओ! मुझसे कोई बहस नहीं कर सकता था. मुझे अपने आप पर इतना यकीन था, कि दूसरों को भी उनकी राय बदलने पर मजबूर कर देती थी, उन्हें, जो पैरिस में रह चुके थे. ऐसी बदले की भावना थी मेरे मन में पैरिस के प्रति. मैं उससे इसलिए बदला ले रही थी, क्योंकि वह वैसा नहीं था, जैसा उसे होना चाहिए था. और सब उसकी वजह से, यूरच्का की वजह से.
इनेस्सा ने एक और पैग का ऑर्डर दिया, बेर्ग ने प्रयत्नपूर्वक सी-फूड़ से इनकार किया.
“और बाद में सारा भेद खुल गया, बड़े भद्दे तरीके से खुला, कहने का मन नहीं होता. और जब मैं समझ गई, कि इस तरह से वह वेरोनिका को मुझसे छुपा रहा था – ऐसे बेशरम झूठ का सहारा लेकर, तब, मुझे गहरा धक्का पहुँचा. मुझे वेरोनिका से क्या मतलब है! सोचो, वेरोनिका...क्या तुम्हें उसकी याद नहीं है? ठीक है, थूकती हूँ उस पर. मैं उसे वेरोनिका के लिए माफ़ कर देती, अगर ये झूठ न बोला होता. मैं उसे सारी लड़कियों के लिए माफ़ कर देती. मैं उसकी हर गलती माफ़ कर देती. मगर पैरिस के लिए नहीं!...मुझसे इतना बड़ा धोखा!...मुझसे!....उससे, जो बचपन से पैरिस की इतनी दीवानी हो!...”
“वैसे तुम बेहद भरोसेमन्द हो,” बेर्ग ने कहा.
“और मेरा यूरच्का जलकुक्कड़ भी है. उसके ऐसे-ऐसे डबल-स्टैण्डर्ड हैं. मैंने फ़ैसला किया, तुम जाओ, यूरच्का, कहीं दूर और मैं तुमसे विश्वासघात करूँगी. मैं पैरिस को अपना लूँगी. मैं तुझे ऐसा धोखा दूँगी, जिसकी तुम कल्पना भी नहीं कर सकते! एक साथ पूरे पैरिस को!...ख़ुदा, मैं उसकी कितनी गुनहगार हूँ!...पैरिस की...कोई भी उसका इतना बड़ा गुनहगार नहीं होगा, जितनी मैं हूँ!...पैरिस – अजूबा है. और मैं – बेवकूफ़. बेवकूफ़ थी! मगर अब नहीं. यूरच्का को ही बेवकूफ़ बने रहने दो!...”
“और तुम्हें काफ़ी पहले समझ आ गई?” बेर्ग ने पूछा.
“दो हफ़्ते पहले. सात सितम्बर को, अगर तुम्हें दिलचस्पी हो तो. मैंने क्या सोचा? ये. अगर तू ऐसा है, तो मैं भी ऐसी ही हूँ. मैंने यूरच्का की कार बेच दी, वैसे तो ये हम दोनों की है, मगर न जाने क्यों वह उसे अपनी समझता था, फोर्ड मोंडिओ, करीब-करीब नई है, और मेरे पास पॉवर ऑफ अटोर्नी है, मैंने जल्दबाज़ी में काफ़ी छूट पर बेच दी.. और कुछ और भी. मैं तो क्वार्टर भी बेच देती, अगर समय होता. यूरच्का के लिए चिट्ठी छोड़ दी कि पुलिस में शिकायत न करे. ये मैंने उससे बदला लिया है. मैं पूरे पैसे पैरिस में उड़ा दूँगी. पूरे के पूरे! मैं चाहती हूँ, कि पैरिस मुझे माफ़ कर दे. मेरा मतलब पैरिस से – व्यापक अर्थ में है. सोच रहे हो, कि उसका मुझसे कोई लेना-देना नहीं है? वो कौन, मैं कौन? जाने दो, तो क्या? ख़ास बात ये, कि उसके सामने मेरे दिल में वो न रहे...समझ रहे हो?”
“वो – क्या?” बेर्ग ने पूछा.
“अरे, वो, मालूम नहीं, ख़ैर, अपराध की भावना, शायद...”
“हाँ,” कोई और बढ़िया शब्द न सूझने के कारण बेर्ग ने कहा.     
“जाने दो. और मैं यहाँ अपनी ख़ुशी से रह रही हूँ. पैरिस में जीवन का हर पल मेरे लिए सुरूर जैसा है. मैं सिर्फ तीन दिन से यहाँ हूँ, अभी मैंने कुछ भी नहीं देखा है. और उसे जितना चाहे मुझ पर मुकदमा करने दो, मैं थूकती हूँ...मैं ख़ुशनसीब इन्सान हूँ. मुझे प्यार हो गया है. पैरिस से प्यार हो गया है. जब मैं क्लिशी बुलेवार्ड पर चलती हूँ और मेरे सामने बाल्कनियों वाला ये कोने का घर आता है, सीधा-सादा घर बालकनियों वाला, तो मेरा रोने को जी चाहता है...या जब मैं होटल से वेंडोम स्क्वेयर पर निकलती हूँ, और स्तम्भ की ओर देखती हूँ, तो मैं उन सब के बारे में सोचती हूँ – नेपोलियन के बारे में, और कोर्बे के बारे में, और इस बदनसीब राजकुमारी डायना के बारे में, वह भी ठीक इसी तरह होटल से निकली थी...मेरा दिल सीने से उछलकर बाहर आने लगता है...”
“रुको, तुम कौन से होटल में रुकी हो?”
“रिट्ज़. मैं रिट्ज़ होटल में ठहरी हूँ.”
“रुको. तुम्हें पता है, कि रिट्ज़ हॉटल में कमरे का किराया कितना है?”
“कैसे नहीं मालूम होगा, अगर मैं वहाँ ठहरी हूँ?”
“अच्छा, माफ़ करना,” बेर्ग बुदबुदाया.
“मेरा कमरा बहुत ख़ूबसूरत है, कम्बन स्ट्रीट दिखाई देती है. वहाँ ज़्यादा शानदार कमरे भी हैं. मैं ज़्यादा महँगा कमरा भी ले सकती थी. पैसों का कोई सवाल नहीं है, बस, मैं इतनी बुर्झुआ नहीं हूँ...इतनी बुर्झुआ नहीं हूँ, कि संगमरमर के बाथटब के, महँगे फर्नीचर, शानदार क्वीन-साइज़ पलंग के पीछे पागल हो जाऊँ...इस क्वीन-साइज़ पलंग में तो मैं डूब ही गई, सही में. मुझे, अकेली को, क्यों चाहिए ये क्वीन-साइज़ पलंग?... मेरी नज़र में ये बेईमानी है. मुझे उसमें आराम महसूस नहीं होता. मुझे बोद्लेर पसन्द है, नासपीटे कवियों को मैं पसन्द करती हूँ. और यहाँ...मैं, हो सकता है, कहीं नज़दीक , मोंटमार्ट्रे के पास कहीं चली जाऊँ....और, मैं रात पुल के नीचे भी गुज़ार सकती हूँ. आख़िर, क्यों नहीं? ये पैरिस है. वैसे, क्या तुमने कभी असली जीन डुसो पी है? मेरे कमरे में जीन डुसो की बोतल है पंद्रह साल पुरानी. चलो, हम तुम मिलकर उसका काम क्यों न तमाम कर दें?”
बेर्ग ने एकटक इन्ना की ओर देखा, - क्या वह सचमुच भूल गई है, कि वह नहीं पीता, या ये कोई खेल है?
अनजान शराबियों से दोस्ती के ग्यारह महीनों में बेर्ग ने दो बार अपना आपा खोया था.
“चाहे जो हो जाए, मैं सारे पैसे पैरिस पर खर्च कर डालूँगी. समझ लो, कि जब तक मैं सारा पैसा पैरिस पर नहीं लुटाती, यहाँ से नहीं जाऊँगी. मैं नशे में डूब जाना चाहती हूँ, पैरिस में चाहती हूँ. मैं पैरिस चाहती हूँ. मेरे पास ढेर सारे पैसे हैं. तो, पैरिसवाले, चलें?”
चष्मा ठीक करते हुए, बेर्ग अब तक नहीं जान पाया था कि वह इन्ना को क्या जवाब देगा, उसने मुँह खोला – मगर सिर्फ शुरूआत करने के लिए – उम्मीद थी, कि आगे कुछ समझदारी के शब्द कहेगा, - मगर जवाब देने की नौबत नहीं आई : माशा, उलझे बाल लिए, हाँफ़ते हुए, दरवाज़े में प्रकट हुई.    
“क्या बात है!” बेर्ग ने कहा.
बेर्ग उठ गया.
माशा ने उसे देखा और दूसरी मेज़ों से लगभग टकराते हुए उसकी ओर लपकी.
“मैंने घड़ी ठीक नहीं की थी!... वैसे, मॉस्को टाईम के हिसाब से मैं ठीक वक्त पर हूँ!...”
“दो घण्टों का फ़रक है,” बेर्ग ने ख़ास इन्ना के लिए समझाया.
इन्ना ने सिर हिलाया, यह दिखाते हुए मुस्कुराई कि वह समझ गई है.
बेर्ग उनका परिचय कराने लगा.
“माशा,” उसने इनेस्सा से कहा. “इन्ना,” उसने माशा से कहा, “कभी मैं और इनेस्सा स्लबोद्स्की के पास एक ही हांडी में पकाते थे.”
“कौन से स्लबोद्स्की के यहाँ आप इनेस्सा के साथ पकाते थे?” इन्ना ने इस तरह पूछा जैसे वह माशा हो (माशा को सवाल न पूछना आता था).
“स्लबोद्स्की के स्टूडियो में,” बेर्ग ने भौंहे कुछ उठाकर पूछा, “या नहीं?”
“लेशा, मेरा नाम नाद्या है,” असल में इन्ना ने नहीं, बल्कि नाद्या ने कहा, “तुम मुझे कोई और समझ बैठे.”
“लेशा?” माशा ने दुहराया.
बेर्ग ने नाद्या की आँखों में देखा, बावजूद इसके वह साफ़ महसूस कर रहा था, कि कैसे कुछ भी न समझ पाते हुए माशा कैसे उनके चेहरों पर नज़रों के तीर मार रही है, - और वैसे तुलना करने जैसा है क्या? - दोनों को ही एक-सा अचरज हो रहा है, नाद्या को और बेर्ग को, शायद इतना ही फ़र्क था, कि बेर्ग (ऐसा उसे लगा) सब कुछ भाँप गया था.
“मैं बरीस हूँ,” बेर्ग ने कहा.
मूक दृश्य कुछ ही समय चला, - ज़ोर से “ओह, गॉड! कहकर नादेझ्दा ने अपने माथे पर हाथ मार लिया और, जैसे इस आघात से छूटकर वह ज़ोर से, काफ़ी ज़ोर से ठहाके लगाने लगी. मगर ये ठहाके नहीं थे, ये हँसी थी, मरोड़ के साथ, रुक-रुक कर, जो बीच-बीच में टूट जाती थी, - चेहरे पर काजल पुत गया.
बेर्ग भी हँस रहा था, मगर बगैर आँसुओं के.
माशा भी हँसना चाहती थी, मगर नहीं हँस पाई, - वह कृत्रिमता से मुस्कुरा रही थी, जैसे भावी कैफ़ियत के बारे में सोचकर मुस्कुराते हैं.
“कोई बात नहीं, जाने दो,” नाद्या ने आख़िरकार कहा. “ क्या फ़र्क पड़ता है. बकवास. हमें मुलाकात का जश्न मनाना चाहिए. मेरे कमरे में जीन डुसो है...या नहीं!...वो बाद में. माशेन्का आप पहली बार पैरिस आई हैं? चलो, शुरू में कहीं चलते हैं. देखो, बो-या, कताकोम्ब जा सकते हैं. या, मिसाल के तौर पर, जॉर्ज पोम्पिदू सेंटर. और शाम को – मॉलिन रूझ. पता नहीं, वहाँ क्या टिकिट बुक करनी पड़ती है या नहीं...ग्राण्ड गिनोल, अगर चाहो तो...वहाँ जाना चाहिए – ग्राण्ड गिनोल!...”
“माफ़ करना,” बेर्ग ने कहा.
बेर्ग और माशा के कुछ और प्लान्स थे.
एक दूसरे से बिदा लेकर वे चले गए.

******